मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद । कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार लोगों पर हमला करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम निसाई निवासी विवेक कुमार पुत्र वृहमनन्दन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 14 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह मुरास कन्हिया क्षेत्र में बुकिंग छोड़ने गया था। आरोप है कि वाटर पार्क के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार विकास उर्फ विक्की निवासी नगला चूड़ा, जवाहर सिंह पुत्र देवपाल सिंह निवासी दीनदयाल बाग मसेनी थाना कादरीगेट, सूरज पुत्र नीलू निवासी रूनी थाना जहानगंज तथा निसाई स्थित एक ओयो होटल के मालिक अनुज राठौर उर्फ छोटू ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की।
विवेक कुमार का आरोप है कि विवाद के दौरान सूरज ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि वह गोली लगने से बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद से उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।


