नवाबगंज, फर्रुखाबाद । थाना क्षेत्र के ढड़ियापुर गांव में पुराने विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ढड़ियापुर निवासी राम लक्ष्य पाल अपने घर पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक युवक पुराने विवाद को लेकर उनके घर के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। राम लक्ष्य पाल द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। हमले में राम लक्ष्य पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने पहुंची उनकी पत्नी कान्ति देवी और पुत्र आलोक भी मारपीट की चपेट में आ गए। इस प्रकार एक पक्ष से तीन लोग घायल हुए।
वहीं दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्ष शिकायत लेकर नवाबगंज थाने पहुंच गए।
पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा, जहां डॉ. लोकेश शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने दोनों पक्षों के एक-एक घायल की हालत गंभीर पाई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त होने पर मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


