कानपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और भ्रामक टिप्पणी किए जाने के मामले में कानपुर साइबर थाने में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह मुकदमा समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव की ओर से दर्ज कराया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति ने आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद अन्य दो लोगों ने भी उस पोस्ट पर अभद्र टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की पोस्ट और टिप्पणियों से अखिलेश यादव के परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
एफआईआर में भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बाघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पते और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि नौ जून को सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


