34.2 C
Lucknow
Thursday, June 11, 2026

बंगरा गांव में चोरों का तांडव, घर का ताला तोड़कर बड़ी चोरी, लाखों की नकदी और कीमती जेवरात साफ

Must read

सारण: बिहार के सारण (Saran) जिले के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कादीपुर बंगरा गांव (Bangra village) में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने गृहस्वामी के घर में घुसकर नकदी और कीमती जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्चा प्रसाद शर्मा का परिवार रात में गहरी नींद में सो रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर की पिछली दीवार का सहारा लेकर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर दाखिल होने के बाद चोरों ने सावधानीपूर्वक मुख्य कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी को अपना निशाना बनाया। चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के करीब दस थान महंगे आभूषण और 55 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं चोरों ने घर में मौजूद नए कपड़े और पीतल के कीमती बर्तन भी समेट लिए।

​सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो उन्हें कमरा अस्त-व्यस्त मिला और अलमारी खुली देख उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों और आसपास के पड़ोसियों को दी गई। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। खोजबीन के दौरान, घर से कुछ दूरी पर स्थित एक जंगल में खाली बक्सा बरामद किया गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि चोर घर से सारा सामान बक्से में भरकर ले गए और सुनसान जगह पर ले जाकर अपनी पसंद का कीमती सामान निकालने के बाद खाली बक्सा वहीं फेंक दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित गृहस्वामी बच्चा प्रसाद शर्मा ने नगरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने कहा कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस की एक टीम मामले की गहन जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। ​इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीण डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है जिसके चलते पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की मांग की जा रही है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article