फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा और सघन जांच प्रक्रिया के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा।
सुबह सात बजे से ही अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय के अनुसार सुबह आठ बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन से चार स्तरों पर जांच की गई। मेटल डिटेक्टर से तलाशी लेने के बाद आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का मिलान किया गया तथा बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें परीक्षा कक्षों तक भेजा गया।
क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में पुलिस कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। वहीं बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। यहां महिला अभ्यर्थियों की चूड़ियां उतरवाकर जांच की गई।
लोहाई रोड स्थित नारायण आर्य कन्या इंटर कॉलेज में महिला पुलिसकर्मियों ने महिला अभ्यर्थियों के लॉकेट, छल्ले, चूड़ियां और कंगन उतरवाकर उनकी जांच की। इसके अलावा अभ्यर्थियों के जूते भी उतरवाकर तलाशी ली गई। एनएकेपी डिग्री कॉलेज में चार स्तरों पर चेकिंग के साथ मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई।
कई अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए मंगलवार रात को ही शहर पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा।
जिले में प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती है।


