फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के चौसपुर गांव में बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। कुत्ते के हमले में बच्चे समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आवारा कुत्ता गांव में घूम रहा था। इसी दौरान उसने राह चलते लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले में 10 वर्षीय श्याम पुत्र प्रदीप, आयुष पुत्र धर्मवीर, आसिफ हुसैन, नीलम और नितिन समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया और घायलों को उपचार के लिए कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
सीएचसी में फार्मासिस्ट सुभाष ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार सभी को एंटी-रेबीज टीका लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।गांव के लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों और अन्य पशुओं को पकड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


