बाबा बगलेश्वर मंदिर परिसर में चल रही कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का हुआ भावपूर्ण वर्णन, भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह राठौर ने किया व्यास पीठ का सम्मान
कमालगंज। ग्राम दरौरा स्थित प्राचीन बाबा बगलेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा के दौरान कथा व्यास शास्त्री श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का विस्तृत और भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने इन्द्र के अहंकार का नाश करने के लिए अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं दिव्य लीलाओं का ऐसा मधुर वर्णन हुआ कि पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया।
सुंदर छायादार एवं भव्य बाबा बगलेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र सिंह राठौर भी पहुंचे। उन्होंने कथा व्यास शास्त्री श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।
कथा आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान विनीत सिंह उर्फ कुक्कू, हरविन्द्र सिंह ‘कल्लू’, समरपाल सिंह, नीलू ठाकुर, शत्रुघ्न शुक्ला, हरिहर सिंह, गौरव सहित समस्त ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
ग्राम दरौरा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।


