37.5 C
Lucknow
Monday, June 8, 2026

व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, व्यापारियों को नहीं होने देंगे कोई कष्ट : एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ

Must read

व्यापार मंडल की बैठक में उठीं थानों में सुनवाई, सीसीटीवी और सुरक्षा की मांगें, एडीजी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

फर्रुखाबाद। पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को आयोजित व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक में कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता भयमुक्त व्यापार और सुरक्षित समाज है। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद के व्यापारियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी और यदि कोई शिकायत आती है तो उसका त्वरित समाधान कराया जाएगा।

 

बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह भी मौजूद रहीं। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने की।

 

बैठक के दौरान युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल ने व्यापारियों की ओर से प्रमुख मुद्दा उठाते हुए कहा कि थानों और पुलिस चौकियों पर व्यापारियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे व्यापारी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित बिंदुओं को नोट कराने के निर्देश दिए।

 

सन्देश अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में व्यापारियों की समस्याओं पर सकारात्मक ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने केवल इतना आग्रह किया कि किसी भी प्रकार के विवाद या उत्पीड़न की स्थिति में व्यापारियों का पक्ष भी निष्पक्ष रूप से सुना जाए।

 

जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने एडीजी का स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस विभाग और व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय कायम है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं कंधे से कंधा मिलाकर समाज और व्यापारिक वातावरण को सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने फर्रुखाबाद एवं कायमगंज क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का विस्तृत ज्ञापन एवं फाइल एडीजी को सौंपते हुए उनके समाधान की मांग की।

 

बैठक में युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी ने बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सरकारी स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुकानों में निजी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौराहों और थानों के आसपास कैमरों की संख्या बढ़ाने से महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी।

 

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने व्यापारियों की सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की स्पष्ट नीति है कि प्रदेश में भयमुक्त व्यापार और भयमुक्त समाज का वातावरण बने। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत रखना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी व्यापारी को किसी प्रकार की समस्या आती है तो स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उसका समाधान करेगा। साथ ही उन्होंने फर्रुखाबाद की कानून व्यवस्था और व्यापारिक माहौल की सराहना भी की।

 

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र राठौर, जिला संगठन मंत्री नीरज राठौर, युवा जिला मंत्री अर्पण अग्रवाल, युवा फतेहगढ़ अध्यक्ष संदीप सक्सेना, शिवम सक्सेना, युवा मीडिया प्रभारी राहुल श्रीवास्तव, युवा सेंट्रल जेल मंत्री विशाल कश्यप, अमरदीप शाक्य, मोहित बागड़ी सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article