कंपिल/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव प्रीतम नगला में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रीतम नगला निवासी राहुल जाटव की 28 वर्षीय पत्नी ललिता का शव शुक्रवार दोपहर कमरे में साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर जनपद के थाना कलान क्षेत्र के गांव खलासा निवासी मृतका के पिता दाताराम जाटव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बेटी की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतका के पिता दाताराम जाटव ने बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पूर्व अपनी पुत्री ललिता का विवाह रामशरन जाटव के पुत्र राहुल के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करने लगा था। किसी तरह व्यवस्था कर उन्होंने बाइक भी दे दी, लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष सोने की जंजीर और एक लाख रुपये की मांग को लेकर ललिता को प्रताड़ित करता रहा।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ललिता ने अपनी बड़ी बहन रीमा को फोन कर रोते हुए ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद दोपहर करीब दो बजे उसकी मौत की सूचना मिली। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो ललिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति राहुल, ससुर रामशरन, सास रामवती, ननद शिवानी, अंशु और शीतल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपी पति राहुल और ससुर रामशरन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप


