फर्रुखाबाद। गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि दबंग युवक ने महिला के साथ डंडे से बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंगसपुरा निवासी सोनी पत्नी संजीव सैनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना के समय वह घर पर अकेली थी। तभी मोहल्ले का रहने वाला अरवाज खान पुत्र रहीश खान निवासी बंगसपुरा कोना वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी को गाली देने से मना किया तो वह आगबबूला हो गया और डंडे से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने महिला को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर कई स्थानों पर चोटें आईं।
महिला का आरोप है कि मारपीट करने के बाद अरवाज खान जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला को डंडों से पीटा, मुकदमा दर्ज


