– लखनऊ में होटलों और प्रतिष्ठानों की जांच तेज
लखनऊ। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ में दमकल विभाग ने होटलों, गेस्ट हाउसों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों की सघन जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद फायर विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। जांच अभियान के दौरान यह देखा जा रहा है कि संबंधित प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर अलार्म सिस्टम और अग्निशमन मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
इस विशेष अभियान की निगरानी स्वयं डीजी फायर सुजीत पांडे कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दमकल विभाग की टीमें शहर के प्रमुख होटलों, मॉल, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक परिसरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का सत्यापन कर रही हैं। जहां कमियां पाई जा रही हैं, वहां नोटिस जारी किए जा रहे हैं और तत्काल सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संस्थान को अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विशेष रूप से होटलों और सार्वजनिक भवनों पर फोकस किया जा रहा है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं।


