– छात्रों-युवाओं के लिए बड़े ऐलान, 56 हजार नौकरियों का रास्ता साफ
बेंगलुरु। कर्नाटक की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री डी . के . शिवकुमार एक्शन मोड में दिखाई दिए। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद आयोजित पहली कैबिनेट बैठक में छात्रों, युवाओं और रोजगार को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि उनकी सरकार जनकल्याण और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
कैबिनेट बैठक के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य में सत्ता का हस्तांतरण बेहद शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से हुआ है। उन्होंने पूर्व सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि अब कर्नाटक के विकास और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का समय है।
सरकार ने छात्रों के लिए मुफ्त बस पास योजना को मंजूरी देने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि इस कदम से लाखों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी शिक्षा पर होने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
युवाओं के लिए सबसे बड़ी घोषणा 56 हजार सरकारी नौकरियों को लेकर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
डीके शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार सामूहिक नेतृत्व और जवाबदेही के सिद्धांत पर काम करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी और प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाया जाएगा।
मानना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद शुरुआती फैसलों के जरिए डीके शिवकुमार ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि उनकी सरकार का फोकस शिक्षा, रोजगार और जनकल्याण पर रहेगा। मुफ्त बस पास और हजारों सरकारी नौकरियों की घोषणा को युवाओं और छात्रों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है।


