लखनऊ। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। राजधानी लखनऊ में संभावित खतरे को देखते हुए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने विदेशों, विशेषकर प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की जांच और स्क्रीनिंग के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर एयरपोर्ट पर विशेष स्वास्थ्य टीमों की तैनाती की गई है। विदेश से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने इबोला संक्रमण से निपटने के लिए चिकित्सा संस्थानों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय में संभावित मरीजों के लिए आइसोलेशन बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार और अलगाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। मेडिकल स्टाफ को भी संक्रमण की पहचान, रोकथाम और उपचार संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार इबोला वायरस एक गंभीर और घातक संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक द्रवों के संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में समय रहते निगरानी और सतर्कता बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफ्रीकी देशों से लौटने वाले यात्रियों में यदि बुखार, कमजोरी, उल्टी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें और चिकित्सकीय सलाह लें।


