क्रासर :
निरीक्षण के दौरान मरीजों से भी की बातचीत, गुटखा खाते मिले व्यक्ति पर लगाया जुर्माना
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाओं का गुरुवार को नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने गहन निरीक्षण किया। दैनिक यूथ इंडिया द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने विभिन्न विभागों का जायजा लिया और अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने ओपीडी से की, जहां मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा, इमरजेंसी मेडिकल प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी, सर्जन डॉ. रोहित तिवारी समेत अन्य चिकित्सकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएमओ ने नेत्र रोग विभाग का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
इसके उपरांत वह महिला अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अर्चना कठेरिया से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद दूसरी मंजिल पर स्थित एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
सीएमओ ने एनआरसी वार्ड पहुंचकर कुपोषित बच्चों का हालचाल जाना और वार्ड प्रभारी डॉ. विवेक सक्सेना से जानकारी ली। एनआरसी में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने डॉ. विवेक सक्सेना की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक व्यक्ति गुटखा खाते हुए मिला। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए उस पर जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की कड़ी चेतावनी दी।
इसके बाद उन्होंने सीटी स्कैन विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज का अनावश्यक रूप से सीटी स्कैन न किया जाए। उन्होंने कहा कि कई बार बाहर के चिकित्सकों द्वारा सीटी स्कैन लिखे जाने के बाद मरीज सरकारी अस्पताल में इसका लाभ लेने पहुंचते हैं, इसलिए आवश्यकता के अनुसार ही जांच कराई जाए।
आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी मेडिकल प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने उन्हें वार्ड का भ्रमण कराया। दवाओं से सुसज्जित ट्रॉली एवं अन्य व्यवस्थाओं को देखकर सीएमओ ने डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि वह सात-आठ जनपदों में सेवाएं दे चुके हैं। अलीगढ़ में सीएमओ के रूप में कार्य करने के बाद जालौन में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात रहे और अब उन्होंने फर्रुखाबाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की उन्हें व्यापक जानकारी है और सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को सदैव चाक-चौबंद बनाए
लोहिया अस्पताल की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे नए सीएमओ, इमरजेंसी व एनआरसी वार्ड की सराहना


