कन्नौज। गौ रक्षार्थ धर्म यात्रा के दौरान कन्नौज पहुंचे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुकतेश्वरानन्द सरस्वती के रात्रि विश्राम को लेकर मंगलवार देर रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उनका रात्रि विश्राम छिबरामऊ क्षेत्र के सलेमपुर स्थित एक विद्यालय में होना था, लेकिन कथित तौर पर जिला प्रशासन द्वारा अनुमति संबंधी आपत्तियां जताए जाने के बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
आरोप है कि प्रशासन की आपत्ति के चलते आयोजकों ने अंतिम समय में रात्रि विश्राम की व्यवस्था वापस ले ली। इसके बाद शंकराचार्य ने विरोध स्वरूप पाल चौराहे के निकट सड़क किनारे ही रुकने का निर्णय लिया। देर रात तक उनके समर्थक और श्रद्धालु मौके पर मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि यात्रा के आयोजकों पर दबाव बनाया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
इस दौरान शंकराचार्य ने गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी अपराध के बाद केवल एनकाउंटर को न्याय का पर्याय नहीं माना जा सकता। उनके अनुसार मूल प्रश्न यह है कि यदि कानून-व्यवस्था प्रभावी थी तो ऐसी घटना घटित कैसे हुई।


