मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम सकवाई स्थित एक अस्पताल में देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अस्पताल में चौकीदारी करने वाले हर्षित कश्यप पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र लाल निवासी वनपोई ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है कि उसकी ड्यूटी शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक रहती है।
पीड़ित के अनुसार 27/28 मई 2026 की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ अज्ञात चोर अस्पताल के पीछे से अंदर घुस गए और छत पर चढ़कर ट्रांसफार्मर से अस्पताल के सोलर पैनल तक जाने वाली करीब 150 मीटर लंबी तांबे की बिजली केबल काटकर चोरी कर ले गए।
हर्षित कश्यप ने बताया कि चोरी के दौरान उसने तथा अस्पताल के कंपाउंडर निरंजन और विवेक ने बिजली की रोशनी में चोरों को भागते हुए देखा। जब उन्होंने चोरों का पीछा किया तो आरोपित उन्हें धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई।
अस्पताल से बिजली के केबल चोरी, पीछा करने पर चोरों ने दी धमकी


