मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में सोमवार को शासन द्वारा मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सदर गजराज सिंह ने मनोनीत सभासद सोमन चतुर्वेदी, रामदत्त गौतम और प्रेमचंद्र पाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद तीनों नवमनोनीत सभासदों ने नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नगर पंचायत के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।
समारोह में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, अधिशासी अधिकारी रामानंद यादव, डॉ. मोहित यादव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


