उधरनपुर से श्रृंगीरामपुर तक बनेगा मजबूत संपर्क मार्ग, दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
फर्रुखाबाद। भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक और बड़ी इबारत लिखी गई। लंबे समय से प्रतीक्षित उधरनपुर-गोसाईदासपुर से श्रृंगीरामपुर संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब 54 करोड़ 14 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बनने वाली यह महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली साबित हो सकती है।
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों को लेकर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर की सक्रियता और प्रयासों की व्यापक चर्चा रही।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में था और चौड़ीकरण की मांग लगातार उठाई जा रही थी। विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने इस मुद्दे को शासन स्तर पर मजबूती से उठाया और लगातार पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप अब यह परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भोजपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, छात्रों का सफर सुरक्षित होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। ग्रामीणों का मानना है कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास की नई धुरी साबित होगी।
विकास की राजनीति का मजबूत संदेश
शिलान्यास समारोह में विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भोजपुर विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई योजनाओं पर काम चल रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र को और बड़ी सौगातें मिलेंगी।
राजनीति में वादों की नहीं, विकास कार्यों की पहचान होती है। 54 करोड़ से अधिक की यह सड़क परियोजना भोजपुर विधानसभा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यदि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होता है तो यह मार्ग आने वाले वर्षों में क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नई रफ्तार देगा।
भोजपुर की जनता के लिए यह केवल सड़क नहीं, बल्कि विकास की नई राह का शिलान्यास है।


