फर्रुखाबाद। बढ़ते बिजली खर्च और सिंचाई की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) द्वारा संचालित पीएम कुसुम योजना (कंपोनेंट-सी1) के तहत निजी नलकूपों का सोलरीकरण किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत किसानों को सोलर पावर प्लांट लगाने पर भारी सरकारी अनुदान दिया जाएगा।
योजना का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए सस्ती और निर्बाध ऊर्जा उपलब्ध कराना है, जिससे बिजली पर निर्भरता कम हो और खेती की लागत घट सके।
यूपीनेडा के अनुसार योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। लाभार्थियों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। किसान यूपीनेडा के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत 3 एचपी से लेकर 10 एचपी क्षमता तक के नलकूपों का सोलरीकरण किया जाएगा।
योजना में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुदान दिया जाएगा, जबकि शेष राशि किसान को जमा करनी होगी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को विशेष छूट का भी प्रावधान है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोलर पंप लगने से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दिन में सूर्य की रोशनी से पंप संचालित होंगे, जिससे डीजल और बिजली दोनों का खर्च कम होगा।


