31 C
Lucknow
Monday, June 1, 2026

केदारनाथ धाम में आस्था का नया रिकॉर्ड, 40 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Must read

 

देहरादून। उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर में इस वर्ष आस्था का नया रिकॉर्ड बनता दिखाई दे रहा है। बाबा केदार के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार उमड़ रहा है और कपाट खुलने के महज 40 दिनों के भीतर ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र केदारनाथ धाम में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में तेजी से बढ़ रही है। यात्रा मार्ग पर लगातार बढ़ती भीड़ यह संकेत दे रही है कि इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।

प्रदेश सरकार और मंदिर प्रशासन द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए जाने का भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। हेलीकॉप्टर सेवाओं, आवास, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों के चलते देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

क्षेत्रीय विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। होटल, गेस्ट हाउस, परिवहन, घोड़ा-खच्चर सेवा, स्थानीय व्यापार और पर्यटन से जुड़े हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं से क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं तथा पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा केदारनाथ के दर्शन मात्र से जीवन धन्य हो जाता है। यही कारण है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लंबी यात्रा के बावजूद हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस पवित्र धाम की यात्रा करते हैं।

केदारनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि देश में धार्मिक पर्यटन लगातार विस्तार पा रहा है और बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article