यूथ इंडिया खेल डेस्क
(सूर्या अग्निहोत्री)
आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात दी और तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही गुजरात ने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज भी दर्ज कर लिया।
इस जीत के बाद अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए रोमांचक जंग देखने को मिलेगी। जिस टीम को जीत हांसिल हुई वो उस टीम का दूसरा खिताब होगा।
गुजरात की जीत के सबसे बड़े नायक रहे कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी भरी और विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। गिल ने साई सुदर्शन के साथ पहले विकेट के लिए 167 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर राजस्थान की जीत की उम्मीदों को शुरुआत में ही खत्म कर दिया।
साई सुदर्शन ने भी 32 गेंदों पर 58 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि वह लगातार दूसरे मुकाबले में हिट विकेट होकर आउट हुए, उसके बाद गिल को जोफ्रा आर्चर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन की उपयोगी पारी खेली। अंत में राहुल तेवतिया ने 9 गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाते हुए छक्का जडक़र टीम को जीत दिलाई। जोस बटलर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और यशस्वी जायसवाल पहले ही ओवर में एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 47 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए। हालांकि वह शतक से महज चार रन दूर रह गए, इससे पहले एलिमिनेटर में भी वैभव ने ९७ रन बनाये थे।
मध्यक्रम में कप्तान रियान पराग, दासुन शनाका और अन्य बल्लेबाज नाकाम साबित हुए, बड़ी साझेदारी नहीं कर सके, लेकिन रवींद्र जडेजा ने एक छोर संभाले रखा। जडेजा ने नाबाद 45 रन बनाए, अंत डोनोवन फरेरा ने 11 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेलकर राजस्थान को 214 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फरेरा ने अंतिम ओवर में राशिद खान पर 5 गेंदों में 4 छक्के छडक़र स्कोर को 200 के पार पहुंचाया, फरेरा और जडेजा के बीच सातवें विकेट के लिए 42 रन की अविजित साझेदारी हुई।
गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।
गिल के शतक से गुजरात खेलेगी तीसरा फाइनल


