28 C
Lucknow
Friday, May 29, 2026

मऊ से सीएम योगी का माफिया पर बड़ा प्रहार, “अब कोई पिस्टल लहराकर हिंदुओं को धमका नहीं सकता”

Must read

मऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ की धरती से एक बार फिर माफिया, अपराध और अराजक तत्वों पर तीखा हमला बोला। 392 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और अब किसी माफिया में यह हिम्मत नहीं कि वह खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका सके।

 

गांधी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, यज्ञ-कथा या अन्य धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा करेगा तो उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

 

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और गुंडों का आतंक था। मऊ में भरत-मिलाप कार्यक्रम के दौरान हुए दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता के संरक्षण में अराजकता फैलती थी और सरकार माफियाओं के सामने नतमस्तक रहती थी।

 

सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकार विकास लेकर आती है, जबकि गलत लोगों को चुनने पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती है और विकास का पैसा लूट लिया जाता है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में गरीबों को आवास, शौचालय, राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव मिल रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि गरीब, युवा, किसान और नारी के उत्थान को केंद्र में रखकर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के कारण उत्तर प्रदेश विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मऊ जनपद को 392 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सड़क, पुल, पेयजल, पुलिस अवस्थापना, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और नगर विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव भेजने को भी कहा और भरोसा दिलाया कि किसानों के हित में सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में बुलडोजर कानून के अनुसार चलता है और गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफिया संस्कृति से मुक्त होकर विकास, निवेश और सुरक्षा के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article