कन्नौज। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कन्नौज सदर तहसील में उस समय हड़कंप मच गया, जब कानपुर विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर एक सब-रजिस्ट्रार को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी वर्ग में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार सदर तहसील में तैनात उप-पंजीयक (सब-रजिस्ट्रार) अश्वनी वर्मा पर बैनामा संबंधी कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे तहसील पहुंचकर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि टीम ने अश्वनी वर्मा को एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, विजिलेंस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
छापेमारी की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। विजिलेंस टीम आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर सदर कोतवाली पहुंची, जहां मामले से संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच की गई।
क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में रिश्वतखोरी के आरोप में हुई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। घटना के बाद आम लोगों के बीच भी चर्चा है कि यदि शिकायतों पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रही तो सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।
तहसील में मचा हड़कंप: विजिलेंस टीम ने सब-रजिस्ट्रार को रिश्वत लेते दबोचा


