अयोध्या। देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा रौनाही थाना क्षेत्र के जुबेर गंज बाजार के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और चालक ट्रेलर को नहीं देख सका, जिसके बाद बस सीधे पीछे से ट्रेलर में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद एक बार फिर हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।


