बाराबंकी।पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में लाखों की लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हाल ही में कारोबारी आलोक जायसवाल के घर हुई लाखों रुपये की लूटकांड में शामिल थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर देवा थाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई, जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। मौके से हथियार और संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है और लूटकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन इसे बड़ी सफलता मान रहा है। वहीं क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की सक्रियता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।


