नवाबगंज।थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत त्योरी इस्माइलपुर में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गांव स्थित मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को अज्ञात शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने जब मूर्ति का एक हाथ टूटा हुआ जमीन पर पड़ा देखा तो गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
गांव निवासी मुकेश दुबे ने मामले की सूचना तत्काल नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी को भी अवगत कराया।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जांच में जुट गई है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क नजर आ रही है।


