33.6 C
Lucknow
Monday, July 13, 2026

दुष्कर्म का आरोपी खुद पहुंचा थाने, बोला– “साहब, मुझे झूठा फंसाया गया”

Must read

 

 

कमालगंज। क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के दर्ज मुकदमे का आरोपी मंगलवार रात खुद थाने पहुंच गया। हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे युवक ने पुलिस से कहा कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है और वह खुद हाजिर होने आया है। आरोपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले में रशीदापुर निवासी विपिन कुमार नामजद आरोपी है। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी थाने के पास एक चाय की दुकान पर पहुंचा, जहां उसने बैठकर प्रार्थना पत्र लिखवाया। बताया गया कि इस दौरान उसके साथ मौजूद एक युवक लगातार पुलिसकर्मियों को आरोपी के बारे में जानकारी देता रहा।

 

करीब नौ बजे आरोपी हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर थाने के मुख्य गेट पर खड़ा रहा और किसी फोन का इंतजार करता दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह सीधे थाने के अंदर पहुंचा और ड्यूटी पर मौजूद मुंशी को प्रार्थना पत्र सौंप दिया। पत्र पढ़ते ही पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और तत्काल थानाध्यक्ष को सूचना दी गई।

 

प्रार्थना पत्र में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए लिखा कि उसे दुष्कर्म के मामले में झूठा फंसाया गया है और वह स्वेच्छा से थाने में हाजिर होने आया है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे थानाध्यक्ष कार्यालय में बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी। इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत कुमार और स्वाट टीम प्रभारी ने भी आरोपी से मामले में पूछताछ की।

 

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार यह कहता रहा कि उसकी “साहब से बात हो चुकी है।” वहीं, देर रात तक पुलिस मामले में जांच-पड़ताल और आगे की कार्रवाई में जुटी रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article