शमशाबाद/फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद क्षेत्र में राज्य वित्त आयोग की धनराशि से निर्मित सड़कों का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने गणमान्य नागरिकों और समर्थकों की मौजूदगी में फीता काटकर सड़कों का लोकार्पण किया। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत शमशाबाद के अंतर्गत मोहल्ला अलेपुर पीत धूलेश्वर में तीन सड़कों का निर्माण कार्य कराया गया था। इनमें शिशुपाल के घर से जंडेल के घर तक, मुनव्वर के घर से लाडले खां के घर तक तथा ओवैस खां के घर से वाजिद के घर तक सड़कें शामिल हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इन्हें जनता को समर्पित किया गया।
उद्घाटन के मौके पर अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए वह प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऊबड़-खाबड़ और कच्ची गलियों से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उनका प्रयास है कि नगर की कोई भी गली कच्ची न रहे और सभी को पक्की सड़कों की सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लोग किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने खुद को जनसेवक बताते हुए नगर के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सभासद खुशनबाज खां, जयवीर सिंह राजपूत, पूर्व प्रधान महफूज, मास्टर मसूद, ओवैस खां, विश्राम सिंह राजपूत, आनंद कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
राज्य वित्त आयोग की धनराशि से बनी सड़कों का हुआ उद्घाटन, लोगों ने जताई खुशी


