नवाबगंज
नवाबगंज स्थित ईदगाह परिसर में नाले का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। आगामी बकरीद पर्व से पहले इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, क्योंकि बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग यहीं नमाज अदा करने पहुंचेंगे।
स्थानीय मस्जिद के इमाम पिंटू भाई, सत्तार अली, इलियाज खां, नाजिम अली और आरिफ अली सहित अन्य लोगों ने बताया कि ईदगाह के आसपास नाले का गंदा पानी जमा हो गया है। इससे आने-जाने में परेशानी हो रही है और साफ-सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
समुदाय के लोगों का कहना है कि बकरीद जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व से पहले यदि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो नमाजियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन और नगर पंचायत अधिकारियों से जल्द जलनिकासी और उचित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्हें समस्या की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।


