34 C
Lucknow
Monday, May 25, 2026

सीएमओ का औचक निरीक्षण, कूलर-पंखे बंद, गंदगी पर फटकार, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश

Must read

फर्रुखाबाद। राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को अभिनेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, महिला प्रसूति वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और कई खामियों पर नाराजगी जताई।
महिला प्रसूति वार्ड में कूलर और पंखे बंद मिलने पर सीएमओ ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कर्मचारियों को तत्काल इन्हें चालू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी पाए जाने पर भी सीएमओ ने असंतोष जताया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
ओपीडी में उन्होंने मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि मरीजों को समय से दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी को भी अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण में सीएमओ ने बेडों पर साफ चादरें बिछाने और वार्ड में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रमित राजपूत को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रभारी डॉक्टर प्रमित राजपूत सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सीएमओ अभिनेंद्र कुमार ने बताया कि निरीक्षण में कुछ कमियां सामने आई हैं, जिन्हें शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article