शमशाबाद, फर्रुखाबाद। क्षेत्र के ग्राम बेला सराय गजा स्थित बटेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय भव्य रुद्र महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का आयोजन सोमवार को पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हो गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महायज्ञ के अंतिम दिवस कथा आचार्य ओमप्रकाश त्रिवेदी ने श्रीराम कथा के अंतर्गत भरत मिलाप, रावण वध और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनमोहक वर्णन किया। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयघोष से गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम के समापन पर विधि-विधान से यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न कराई गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं का विशेष योगदान रहा, जिसकी सराहना की जा रही है।
नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ सम्पन्न, अंतिम दिवस उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़


