कंपिल (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 150 रुपये न मिलने पर एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुर निवासी रामनारायण का 20 वर्षीय पुत्र विपिन ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, मृतक विपिन दिल्ली में काम करता था और रविवार को ही घर आया था। सोमवार को उसने अपने पिता से 150 रुपये मांगे थे। पिता द्वारा कुछ देर में पैसे देने की बात कहने पर उसने आक्रोश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
मृतक दो भाइयों में छोटा था। उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही
150 रुपये न मिलने पर युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम


