31 C
Lucknow
Sunday, May 24, 2026

मंडी में कूड़े के ढेर में लगी आग, व्यापारियों में अफरातफरी

Must read

क्रासर

पहले भी आग की चपेट में आ चुकी हैं कई दुकानें, लाखों का हो चुका नुकसान
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
नगर की कृषि मंडी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मंडी परिसर में लगे कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया, जिससे आसपास मौजूद व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडी परिसर में लंबे समय से कूड़ा एक ही स्थान पर जमा किया जा रहा था। रविवार को अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद व्यापारी और कर्मचारी मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थिति बिगड़ती देख तुरंत इसकी सूचना मंडी प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना एक बार फिर बड़ा हादसा हो सकता था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कुछ दिन पूर्व इसी मंडी परिसर में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें कई दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं और आढ़तियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि मंडी में नियमित साफ-सफाई नहीं कराई जाती है। कूड़ा कई-कई दिनों तक एक ही स्थान पर पड़ा रहता है, जिससे आग लगने जैसी घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा मंडी परिसर में बने शौचालय भी बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंडी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते कूड़ा निस्तारण और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की जाती, तो ऐसी घटनाएं रोकी जा सकती थीं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि मंडी परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, कूड़ा प्रतिदिन हटाया जाए और बंद पड़े शौचालयों को तत्काल चालू कराया जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article