यूथ इंडिया | लखनऊ
राजधानी में रविवार को पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर 5 बार के सांसद चन्द्रभूषण सिंह मुन्नू बाबू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात ने एक बार फिर दोनों नेताओं के पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत करीबी संबंधों को चर्चा में ला दिया।
बताया जाता है कि पूर्व सांसद मुन्नू बाबू और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं। पूर्वांचल से लेकर प्रदेश की राजनीति तक कई मुद्दों पर दोनों नेताओं की विचारधारा और राजनीतिक तालमेल पहले भी चर्चा का विषय रहा है। भाजपा और सहयोगी राजनीतिक धारा के कई कार्यक्रमों में दोनों नेताओं की नजदीकी सार्वजनिक मंचों पर दिखाई देती रही है।
रविवार को हुई मुलाकात के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था, विकास योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में अपराध और गुंडाराज पर नियंत्रण के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सुशासन की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को भविष्य की रणनीतिक चर्चाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया गया, लेकिन मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद समर्थकों और क्षेत्रीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।


