35 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा घायल, भाग रही कार को ग्रामीणों ने दबोचा

Must read

फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद भाग रही कार को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम धमगमा के निकट एक अनियंत्रित कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार रिंकू पुत्र जगदीश चंद्र निवासी नगला भूड़, कोतवाली कायमगंज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बलराम पुत्र रामपाल भी घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी आवश्यक कार्य से शमशाबाद गए थे और कार्य समाप्त कर वापस कायमगंज लौट रहे थे। तभी रास्ते में फर्रुखाबाद की ओर जा रही कार संख्या यूपी 76 एबी 5444 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर महमूद के पास कार को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद भेजा गया, जहां रिंकू की हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल बलराम का उपचार सीएचसी शमशाबाद में जारी है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article