35 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर का कमालगंज में ताबड़तोड़ निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर गंगा दशहरा तैयारियों तक कसी लगाम

Must read

 

फर्रुखाबाद। व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कमालगंज क्षेत्र का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज, कान्हा गौशाला तथा आगामी गंगा दशहरा पर्व को लेकर श्रृंगीरामपुर में चल रही तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया। डीएम के औचक निरीक्षण से संबंधित विभागों में हड़कंप की स्थिति बनी रही और अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्था सुधारने में जुटे नजर आए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने सीएचसी कमालगंज पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां सामने आने पर डीएम ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और समयबद्ध इलाज मिलना चाहिए, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने गौवंश के रख-रखाव, चारे-पानी की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति देखी। गौशाला में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम डॉ. अंकुर लाठर श्रृंगीरामपुर भी पहुंचे, जहां आगामी गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रृंगीरामपुर पहुंचते हैं, ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के इस ताबड़तोड़ निरीक्षण से यह स्पष्ट हो गया कि जनपद में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी जिलाधिकारी की इस सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article