40 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने सो रहे परिवार को कुचला, चार की मौत

Must read

 

बाराबंकी। जनपद में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे सो रहे एक परिवार को कुचल दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था। रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार डंपर गांव के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर परिवार के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज (35 वर्ष), उनके बेटे अनुराग (13 वर्ष), अंशू (6 वर्ष) और बेटी अंशिका (10 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। पत्नी आरती (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें हालत नाजुक होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। एक ही झटके में पूरे परिवार के उजड़ जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश है।
जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि बिजली न आने के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, ओवरस्पीडिंग और ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था की गंभीर स्थिति पर सवाल खड़े कर रहा है। गांव में हर तरफ सिर्फ चीख, सन्नाटा और मातम का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article