41 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

भीषण गर्मी के चलते 20 जून तक बंद रहेंगे परिषदीय स्कूल, डीएम ने जारी किए आदेश

Must read

फर्रुखाबाद। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी, तेज धूप और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अंकुर लाठर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 20 जून 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक गर्मी और हीटवेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार विद्यालयों में पठन-पाठन गतिविधियां बंद रहेंगी, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों पर शालापूर्व शिक्षा ग्रहण करने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।

हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं अवकाश अवधि के दौरान अपनी नियमित सरकारी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेंगी। इनमें टीकाकरण, गृह भ्रमण, अनुपूरक पोषाहार वितरण, वजन मापन और पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।

डीएम के निर्देश में कहा गया है कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी सुनिश्चित करेंगे और ग्राम पंचायत स्तर पर लाभार्थियों का सर्वे तथा ई-केवाईसी एवं फेस प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी जारी रखी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी आंगनबाड़ी कार्यकत्री या सहायिका को अपने कार्यक्षेत्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से फर्रुखाबाद समेत पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा और बाजारों में कम भीड़ दिखाई दे रही है। चिकित्सकों ने भी बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। जिला प्रशासन का यह फैसला अभिभावकों और बच्चों को बड़ी राहत देने वाला माना जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article