लखनऊ
प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट और अघोषित कटौती को लेकर बसपा सुप्रीमो Mayawati ने पहली बार खुलकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली की कम आपूर्ति और लगातार कटौती से गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी और मेहनतकश लोग बुरी तरह परेशान हैं।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली संकट को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और इसकी चर्चा लगातार मीडिया में भी हो रही है। उन्होंने सरकार से अपील की कि जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत के उपाय किए जाएं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सिर्फ अस्थायी इंतजामों से काम नहीं चलेगा, बल्कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नए पावर प्लांट स्थापित किए जाएं ताकि प्रदेश में स्थायी रूप से बिजली व्यवस्था मजबूत हो सके।
प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कई जिलों में घंटों की कटौती से लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। गांवों में सीमित आपूर्ति, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या ने किसानों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में बिजली संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन और हंगामे की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
मायावती ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार पहले से झेल रही जनता पर बिजली संकट ने दोहरी चोट पहुंचाई है। सरकार को आम लोगों की परेशानियों को देखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


