फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की पहल पर जनपद में विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में प्याऊ की स्थापना कर नागरिकों और कर्मचारियों को राहत प्रदान की गई।
विकास भवन परिसर में लगाए गए इस प्याऊ से अब कार्यालय आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते लोगों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल की हो रही है, ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि आमजन को हर संभव राहत दी जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में जनसहयोग और प्रशासनिक संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए सहयोगात्मक भावना से कार्य करें और सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में प्याऊ की स्थापना से लोगों को गर्मी में राहत मिलेगी और उन्हें पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान विकास भवन परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने जिलाधिकारी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रशासन द्वारा जनपद के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी लगातार पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।


