37 C
Lucknow
Thursday, May 21, 2026

अनियंत्रित कार की टक्कर से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र शमशाबाद के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम मुरैठी निवासी जयकरन पुत्र फूल सिंह गुरुवार अपराह्न करीब 1:30 बजे मेहनत-मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। गांव के समीप मंदिर की ओर सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी फैजबाग की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने लापरवाहीपूर्वक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयकरन उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार चालक घबराकर वाहन सहित फरार हो चुका था। घायल जयकरन को ग्रामीणों ने आनन-फानन में टेंपो की मदद से सीएचसी शमशाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सक अलीम अंसारी और फार्मासिस्ट कमलेश बाबू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे और पूरे माहौल में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि मृतक अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके बड़े भाई विश्राम सिंह की लगभग 8 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। परिवार में पांच विवाहित बहनें हैं, जबकि मृतक अपने भतीजे अंशू और भतीजी शिवानी की जिम्मेदारी भी निभा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम भेजी गई थी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के समय मुख्य मार्ग पर काफी आवागमन था, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और संभ्रांत नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए यातायात को सुचारू कराया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पीयूष यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई थी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article