कंपिल/फर्रुखाबाद। थाना कंपिल क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने बड़ी बेटी सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसने अपनी बड़ी बेटी का विवाह जनपद कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ किया था। लेकिन कुछ समय पूर्व बड़ी बेटी अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ चली गई थी।
महिला के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व वह रात में खेतों में खड़ी मक्का की फसल की रखवाली करने गई थी, जबकि उसकी 14 वर्षीय छोटी बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान रात में जनपद बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के गांव खेड़ा किशनी पुख्ता निवासी राजीव, मुकेश, भैया लाल, कुलदीप और उसकी बड़ी बेटी सुलोचना घर पर पहुंचे और छोटी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
जब महिला खेत से वापस लौटी तो उसकी बेटी घर पर नहीं मिली। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कार से किशोरी को लेकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर बड़ी बेटी सहित नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला, बड़ी बहन सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज


