कमालगंज, फर्रुखाबाद । थाना क्षेत्र में उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब बीमार पत्नी को दवा दिलाने सरकारी अस्पताल पहुंचा युवक अचानक उसे तलाशता रह गया और पत्नी कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नगू नगला निवासी नितिन कुमार अपनी पत्नी रानी देवी को उपचार के लिए सोमवार सुबह सरकारी अस्पताल कमालगंज लेकर आया था। बताया जा रहा है कि नितिन पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर गया था। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी वहां मौजूद नहीं मिली।
काफी तलाश के बाद युवक ने पत्नी को फोन किया। आरोप है कि फोन पर पत्नी ने कहा कि वह जा रही है और किसी को परेशान न करने की बात कही। यह सुनते ही युवक के होश उड़ गए।
नितिन कुमार ने बताया कि उसकी शादी 15 फरवरी 2026 को फर्रुखाबाद के नया नगला टाउनहॉल क्षेत्र में हुई थी। युवक का आरोप है कि शादी के बाद उसे पत्नी के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी। इस बारे में उसने ससुराल पक्ष को भी अवगत कराया था।
पत्नी के अचानक चले जाने से युवक काफी देर तक अस्पताल परिसर में परेशान हालत में घूमता रहा। बाद में वह उदास होकर वहां से चला गया। युवक ने बताया कि पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी जाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।


