लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सोमवार को पूरी मंत्रिपरिषद की पहली आधिकारिक बैठक आयोजित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर सुबह 9:45 बजे से 10:45 बजे तक होने वाली इस बैठक में सभी मंत्री शामिल होंगे। बैठक में सरकार की आगामी योजनाओं, विभागीय कार्यों और विकास परियोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार 10 मई को हुआ था, जिसमें छह नए मंत्रियों को शामिल किया गया था। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। मंत्रिमंडल में भूपेंद्र चौधरी , मनोज पांडे , सुरेंद्र दिलेर , कैलाश सिंह राजपूत , कृष्णा पासवान और हंस राज विश्वकर्मा को जगह दी गई है। वहीं सोमेन्द्र तोमर और अजित सिंह पाल को पदोन्नति दी गई।
सरकार की ओर से नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग मिला है। सुरेंद्र दिलेर को राजस्व विभाग, कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग और कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हंसराज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में राज्यमंत्री बनाया गया है।


