29 C
Lucknow
Friday, August 21, 2026

मौत का तांडव: डंपर ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला समेत तीन की मौत

Must read

 

शाहजहांपुर। जिले के कांट-जलालाबाद हाईवे पर रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और डंपर को कब्जे में ले लिया। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार जलालाबाद की ओर से आ रहे ऑटो में महिला और बच्चों समेत सात लोग सवार थे। जैसे ही ऑटो कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर चौराहे के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार गिट्टी और मौरंग से भरे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में कांट थाना क्षेत्र के गांव बवक्करपुर निवासी 28 वर्षीय रामक्षत्रिय पत्नी सनी कुमार, जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला यूसूफजई निवासी 45 वर्षीय कल्लू समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

वहीं हादसे में जलालाबाद के गांव नयागांव निवासी 18 वर्षीय मुस्कान, मृतका रामक्षत्रिय का चार वर्षीय पुत्र कृष्णा और रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिश्रीपुर निवासी अनूप गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

ऑटो चालक नवेद निवासी मऊ खालसा, थाना अल्हागंज ऑटो चला रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी पंकज पंत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और हादसे की जानकारी ली।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article