गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और धन के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने जमीन कब्जा, कानून व्यवस्था, इलाज और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर फरियादी की समस्या का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कई लोगों ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी गरीब का इलाज पैसों की कमी के कारण नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके।
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने अपनी बेटी के विवाह के लिए आर्थिक मदद की मांग की। मुख्यमंत्री ने उसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को राहत दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


