बरेली। जिले में पान मसाला कारोबार की आड़ में करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का बड़ा खेल सामने आया है। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने सिटी स्टेशन के पास जसौली रोड स्थित फर्म और सीबीगंज क्षेत्र में चल रहे कारोबार पर तीन दिन तक छापेमारी कर 9.12 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी है। कार्रवाई के बाद कारोबारी जगदीश चंद्र अग्रवाल और अकाउंटेंट गोपाल सक्सेना को गिरफ्तार कर मेरठ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से करीब 25 अधिकारियों की सीजीएसटी टीम बृहस्पतिवार को बरेली पहुंची थी। टीम ने मेसर्स नुइश फॉरएवर और ताज टोबैको प्रोडक्ट कंपनी के गोदामों व दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान बिल, स्टॉक रजिस्टर और लेनदेन के रिकॉर्ड में भारी अनियमितताएं मिलीं। अधिकारियों को बिना दस्तावेज के बड़े पैमाने पर कारोबार और टैक्स चोरी के प्रमाण भी मिले।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी अवैध तरीके से तंबाकू और पान मसाला उत्पाद तैयार कर “धनश्री” ब्रांड नाम से मेरठ, सहारनपुर समेत कई जिलों में सप्लाई कर रहे थे। जांच में सामने आया कि कारोबारियों ने चार मशीनें लगाकर बड़े स्तर पर उत्पादन किया और करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की।
सीजीएसटी अधिकारियों की कार्रवाई से शहर के तंबाकू और पान मसाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों का कहना है कि बरेली में कई जगह नकली पान मसाला का अवैध कारोबार चल रहा है, जिस पर लंबे समय से निगरानी की जरूरत थी।
किला थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सीजीएसटी टीम को सुरक्षा के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराया गया था। वहीं विशेष लोक अभियोजक लक्ष्य कुमार सिंह के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में कर चोरी से जुड़े अहम साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं। मामले में आगे भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


