फर्रुखाबाद। शहर में बीती रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया, जब होटल में खाने के दौरान खराब अंडे को लेकर शुरू हुआ झगड़ा सड़क पर बवाल में बदल गया। गुस्साई भीड़ ने डॉक्टरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे रोड पुलिस चौकी के पास रहने वाले अमित शाक्य और अजय कठेरिया अपने कुछ साथियों के साथ आईटीआई चौराहे के पास स्थित एक होटल में खाना खाने पहुंचे थे। उसी समय फतेहगढ़ सिविल लाइन निवासी डॉ. राजा वत्सल और डॉ. विनीत मिश्रा भी वहां मौजूद थे। खाने के दौरान अंडा खराब निकलने पर अजय ने होटल संचालक से शिकायत की, जिस पर डॉक्टरों ने होटल मालिक का पक्ष लेते हुए आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि अमित पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद मामला और गरमा गया। झगड़े के बाद डॉक्टर अपनी कार से मौके से निकलने लगे, लेकिन अजय और उसके साथियों ने बाइक से उनका पीछा शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि डॉक्टरों ने बचने के लिए ठंडी सड़क की ओर रुख किया, लेकिन पीछा कर रहे लोगों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। घबराए डॉक्टरों ने रेलवे रोड पुलिस चौकी के सामने कार खड़ी कर दी और मदद के लिए अंदर पहुंचे, लेकिन उस समय चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।
इसी बीच अजय ने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को बुला लिया। मौके पर पहुंचे करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने डॉक्टरों को सड़क पर घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पिटाई की। आरोप है कि उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूसों से मारा गया और पत्थर मारकर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए।
घटना के बाद घायल पक्षों को उपचार के लिए भेजा गया है। अमित शाक्य ने आरोप लगाया कि उस पर सरिया से हमला किया गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है और फ्रैक्चर की आशंका है। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि यह दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
डॉक्टरों की बेरहमी से पिटाई, कार तोड़ी गई, होटल में खराब अंडे के विवाद ने लिया हिंसक रूप


