अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपपुर जटपुरा में हुए चर्चित बवाल मामले में पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुकदमा अपराध संख्या 67/2026 से संबंधित एक और आरोपी राजवीर उर्फ भूरा पुत्र तेजराम निवासी चाचूपपुर थाना राजेपुर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय फतेहगढ़ भेज दिया गया।
बताया गया है कि चाचूपुर में हुई घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए पथराव किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की लगातार दबिश और सख्त कार्रवाई के चलते अब आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और हर आरोपी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
चाचूपुर कांड में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साफ है कि पुलिस प्रशासन अब पूरे मामले में पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है।


