फर्रुखाबाद। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले टेंपो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क पर चल रहे टेंपो वाहनों की गहन जांच की गई। कई टेंपो चालकों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया, जिन पर चालान की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही चालकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने पर और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कई टेंपो में चालक की सीट के बगल में अवैध रूप से अतिरिक्त सीटें लगाई गई थीं, जो हादसों की बड़ी वजह बन सकती हैं। इस पर सख्ती दिखाते हुए मौके पर ही ऐसी सीटों को हटवाया गया, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
यातायात अभियान तेज, नियम तोड़ने वाले टेंपो चालकों पर कार्रवाई, अवैध सीटें हटवाई गईं


